जौनपुर - बर्थ-डे पार्टी के दौरान हुई विवाद, मामूली कहासुनी में चली गोली

जौनपुर - बर्थ-डे पार्टी में मामूली विवाद ने पकड़ा तूल एक पक्ष ने किया गोलीबारी। आपको बता दें कि लाइन बाजार थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव में मंगलवार देर रात एक बर्थडे पार्टी के दौरान मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। 



बताया जा रहा है कि कार आगे-पीछे करने के दौरान हल्की ठोकर को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते दो समुदायों के बीच मारपीट में बदल गई। उक्त विवाद के दौरान हवाई फायरिंग किए जाने की भी बात सामने आई हैं । जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

 रात करीब 10 बजे दलित वर्ग के एक परिवार में जन्मदिन समारोह चल रहा था। इसी दौरान कार हटाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। जिसके बाद एक पक्ष के लोग बड़ी संख्या में इकठ्ठा हो ग‌ए और देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। इसी बीच एक पक्ष द्वारा तमंचे से हवा में फायरिंग कर दिया जिसके बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई।

ऐसे में घटना की जानकारी मिलने मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। सुरक्षा की लिहाज से गांव में पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।

थाना लाइन बाजार प्रभारी निरीक्षक के.के. सिंह की मानें तो अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर न मिलने पर पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है, जबकि आदमपुर का यह मामला बुधवार भर चर्चाओं में बना रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ