जौनपुर - नगर के दीवानी तिराहे पर स्थित भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति के साथ एकबार फिर अराजक तत्वों द्वारा छेड़छाड़ का मामला सामने आया हैं।
आपको बता दें कि सोमवार सुबह प्रतिमा पर खाकी टोपी पहनाए जाने तथा गले में भगवा गमछा डाले जाने की जानकारी मिलते ही लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुटने लगे और विरोध जताने लगे।
ऐसे में उक्त घटना की सूचना मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट ,क्षेत्राधिकारी नगर समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने तत्काल प्रतिमा से टोपी और गमछा हटवाया और मौके पर मौजूद लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। उक्त घटनाक्रम को लेकर काफी देर तक मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस की सक्रियता से मामला बढ़ने नहीं पाया।
आपको बता दें कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इसी प्रतिमा पर अराजक तत्वों द्वारा कालिख पोतने की घटना सामने आई थीं। जिसके बाद लोगों में जनाक्रोश फैल गया था। और उस समय जौनपुर के तत्कालीन जिलाधिकारी दिनेश चंद्र सिंह ने स्वयं मौके पर पहुंचकर प्रतिमा को साफ किया था। ऐसे में बार बार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
सीओ सिटी की मानें तो उन्होंने बताया उक्त तिराहे पर लगे सीसीटीवी में अराजकतत्व कैद हुआ है, उसकी पहचान करके जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ
Thanks for visiting my channel