जौनपुर - ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, भाई के शादी में आए युवक की गई जान

जौनपुर - सड़क हादसे में युवक की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है आपको बता दें कि जनपद के मुंगरा बादशाहपुर रायबरेली हाईवे पर बीती रात तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दिया और इस दर्दनाक हादसे में नागेंद्र पटेल की जान चली गई
 


हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक युवक हाल ही में चचेरे भाई की 14 मई की शादी में शामिल होने मुंबई से घर आया था और उसकी सगाई भी  2 हफ्ते पहले ही हुई थी

बताया जा रहा है कि उक्त सुजानगंज थाना क्षेत्र के रामपुर भरहरा गांव निवासी 29 वर्षीय नागेंद्र पटेल उर्फ सुभाष पुत्र जगदीश पटेल मुंबई में रहकर सिविल इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। बीते 14 मई को वह अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने घर आए थे।

और बीते शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे वह बाइक से अपने गांव से पवारा थाना क्षेत्र के ऊंचौरा स्थित नानी के घर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक जौनपुर रायबरेली हाईवे पर सतहरिया चौकी क्षेत्र के केवट बस्ती के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। लोगों का कहना है कि यह टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक काफी दूर जा गिरी और नागेंद्र पटेल के सिर में गंभीर चोट आई । 

उक्त हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और घटना की जानकारी पुलिस को दिया गया। ऐसे में घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया पहुंचाया लेकिन यहां पर चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।

जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा परिजनों को घटना की सूचना दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। बताया जाता है कि नागेंद्र तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाइयों का नाम महेंद्र पटेल और जितेंद्र पटेल है तीनो भाई मुम्बई में रहकर नौकरी करते है 

परिजनों का कहना है कि नागेंद्र पटेल को अगले माह कंपनी की तरफ से विदेश जाना था । अभी वह चचेरे भाई की शादी में घर आएं थे और कुछ दिनों पहले ही नागेंद्र पटेल सगाई भी हो गयी थी और उनकी भी शादी कुछ समय बाद होना था लेकिन अब शादी की खुशियों के बीच अचानक हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। 

मुंगराबादशाहपुर थानाध्यक्ष अश्वनी दुबे की मानें तो उनके द्वारा बताया गया कि दुर्घटना में युवक की मौत हो गई है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ