जौनपुर - सैलून में बैठे युवक पर फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है आपको बता दें कि जिले के बदलापुर तहसील अंतर्गत सिंगरामऊ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सैलून में बैठे एक युवक पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग कर दी। हालांकि उक्त हमले में युवक बाल-बाल बच गया लेकिन इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि रामीपुर गांव निवासी आशीष मिश्रा मेढ़ा मोड़ पर स्थित एक सैलून में शेविंग करा रहे थे। इसी बीच दो युवक बाइक से वहां पहुंचे और अचानक उन पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। पहली गोली युवक के बेहद करीब से गुजरते हुए दीवार में जा लगी, जबकि दूसरी गोली निशाना चूक गई।
ऐसे में अचानक हुई गोलीबारी से सैलून और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और अफरातफरी जैसी स्थिति बन गई। शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर बाइक से रतासी बाजार की ओर भाग निकले।
मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दिया जानकारी मिलते ही डायल 112 और सिंगरामऊ पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
थाना प्रभारी सैय्यद हसनैन मुंतजार की मानें तो उनका कहना है कि उक्त प्रकरण प्रथम दृष्टया किसी पुराने विवाद से जुड़ा लग रहा है। हालांकि प्रशासन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। घटना के बाद इलाके में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है।

0 टिप्पणियाँ
Thanks for visiting my channel