जौनपुर - स‌ई नदी में डूबे दो युवक, नहाते समय डुबने से ग‌ई जान

जौनपुर - स‌ई नदी में डूबने से दो युवकों की दर्दनाक मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है आपको बता दें कि लाइनबाजार थाना क्षेत्र के सलखापुर गांव के पास शुक्रवार दोपहर सई नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। 



बताया जा रहा है कि जफराबाद थाना क्षेत्र के बैजाबाद गांव से लगभग एक दर्जन युवक सई नदी में नहाने गए थे। और नहाते नहाते दो युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथियों ने शोर मचाते हुए उन्हें बचाने का प्रयास किया तथा काफी देर तक खोजबीन की। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवक नदी में बेहोशी की हालत में बाहर निकाले गए।

मौके पर मौजूद साथी युवक आनन-फानन में दोनों युवकों को बाइक से भी जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, लेकिन यहां पर डाक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। ऐसे में जिला अस्पताल से जवाब मिलने के बाद परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान राजन चौहान पुत्र अनिल चौहान एवं रवि चौहान पुत्र राय चौहान निवासी बैजाबाद के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक साथ दो युवकों की मौत से गांव में चीख-पुकार मच गई है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ