जौनपुर - गौशाला में बेचा जाता है पशुओं की हड्डियां, गौ रक्षकों ने लगाया गंभीर आरोप

जौनपुर‌ - गौशाला में पशुओं की हड्डियां बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है आपको बता दें कि जौनपुर के पालीटेक्निक चौराहे के पास स्थित एक अस्थायी गौशाला में पशुओं की हड्डियां बेचने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। 
ऐसे में इस मामले को लेकर सोमवार को गौ सेवा संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की।




बताया जा रहा है कि गौ सेवा संगठन के जिलाध्यक्ष पवन पांडेय के नेतृत्व में दर्जनों गौ रक्षक गौशाला परिसर पहुंचे और वहां पर कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाई। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि गौशाला में मृत पशुओं के अवशेषों का गलत तरीके से निस्तारण किया जा रहा है और उनकी हड्डियां बेचने के लिए इकट्ठा की जा रही हैं।

पवन पांडेय की मानें तो संगठन के सदस्य नियमित रूप से गौशाला में हरा चारा देने के लिए आते रहते हैं। इस दौरान यहां पर कई बार व्यवस्थाओं में खामियां देखने को मिलीं। पवन पांडेय का कहना है कि गौशाला संचालक पहले भी पशुओं का चारा और चोकर बेचते हुए पकड़े जा चुके हैं, लेकिन उस समय चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था।

लेकिन इस बार गौ रक्षकों ने मौके पर बड़ी मात्रा में हड्डियां बरामद की हैं, जिन्हें कथित रूप से बिक्री के लिए रखा गया था। उनका आरोप है कि मृत गौवंश को नियमानुसार दफनाने के बजाय उन्हें खुदवाकर उनकी हड्डियां बेची जा रही हैं, जो गंभीर अनियमितता है। गौ सेवा संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

घटनाक्रम की जानकारी मिलने पर माैके पर पहुंचे अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मौके पर जाकर जांच की जा रही है कि हड्डियां कहां से आई और कहां जा रही थी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ