रेस्टोरेंट से हुआ था युवक का अपहरण, तीन आरोपी गिरफ्तार

जौनपुर - बीते दिनों एक रेस्टोरेंट से युवक के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया था उक्त घटना में मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है और इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त काली फॉर्च्यूनर कार को भी सीज कर दिया गया है।



आपको बता दें कि शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे नगर के गजराजगंज स्थित एक रेस्टोरेंट से युवक का अपहरण कर लिया गया था। घटना की सूचना मिलते ही मुंगराबादशाहपुर थाना पुलिस सक्रिय हो गई और थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।

शनिवार देर शाम तक मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मधुपुर से रामपुर हरगिर जाने वाले मार्ग के पास दबिश देकर अपहृत युवक देवांश शुक्ला (24 वर्ष) पुत्र प्रभात शुक्ला निवासी ग्राम सरोखनपुर थाना मुंगराबादशाहपुर को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही इस घटना में शामिल तीन आरोपियों को भी प्रशासन ने गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में कथित समाजसेवी विशाल सिंह का भाई राहुल सिंह (28 वर्ष) पुत्र गुलाब सिंह निवासी ग्राम भसोट थाना पवारा, मयंक पाण्डेय (27 वर्ष) पुत्र सत्य प्रकाश पाण्डेय निवासी ग्राम सरांवा थाना पवारा तथा सोमिल सिंह (18 वर्ष) पुत्र राजेश सिंह निवासी ग्राम कमालपुर थाना मुंगराबादशाहपुर शामिल हैं।

प्रशासन की मानें तो आरोपियों के खिलाफ थाना मुंगराबादशाहपुर में धारा 140(1)/351(3) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने अपने ऊपर लगे आरोपों के संबंध में न्यायालय में अधिवक्ता के माध्यम से सफाई देने की बात कही है। उनके द्वारा प्रशासनिक पुछताछ में घटना के संबंध में कोई बात नहीं बताई गई 

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से रेडमी, वन प्लस, रियलमी और वीवो कंपनी के मोबाइल फोन तथा कुल 510 रुपये नकद बरामद किए हैं। वहीं घटना में प्रयुक्त काली फॉर्च्यूनर (UP 32 QC 0007) को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।

आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने अपहृत युवक देवांश शुक्ला को उसके बड़े पिता दीपक शुक्ला निवासी सरोखनपुर को सुपुर्द कर दिया।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक गंगासागर मिश्र (चौकी इंचार्ज सहतरिया), उपनिरीक्षक विद्यासागर, उपनिरीक्षक दिलीप सिंह, हेड कांस्टेबल रामचन्द्र सिंह, कांस्टेबल पंकज मिश्रा, समरजीत पटेल, सन्दीप यादव द्वितीय व सत्येन्द्र साह शामिल रहे।

इस संबंध में थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ