बताया जा रहा है कि जौनपुर जनपद के थाना बक्सा क्षेत्र में अभियुक्त की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया गया और उपद्रवियों द्वारा सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिस बल पर पथराव, लाठी-डंडों से हमला किया गया और सरकारी वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
घटना 12 फरवरी 2026 की है, जब थाना बक्सा और थाना सिकरारा पुलिस की संयुक्त टीम मु0अ0सं0 0124/2025 धारा 304(2) बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए ग्राम बीरभानपुर पहुंची थी। पूछताछ के दौरान अभियुक्त पंकज गौतम मौके से भागने लगा और उसके द्वारा ग्रामीणों को उकसाकर भीड़ इकट्ठा कर लिया गया।
आपको बता दें कि ग्राम प्रधान सहित कई लोगों ने गिरफ्तारी रोकने के उद्देश्य से पुलिस टीम को घेर लिया। और इसके बाद बड़ी संख्या में महिला-पुरुष उपद्रवियों ने ईंट-पत्थर, लाठी-डंडा, लोहे की रॉड और प्लास्टिक की कुर्सियों से पुलिस पर हमला कर दिया। हमले में दो सरकारी वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिए गए, वहीं एक वाहन को जलाने का भी प्रयास किया गया।
इस घटना में उपनिरीक्षक विनोद सिंह के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे वे मौके पर बेहोश हो गए। कांस्टेबल जितेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए। भीड़ द्वारा पुलिस को निशाना बनाकर फायरिंग किए जाने की भी खबरें सामने हैं। ऐसे में घायलों को किसी तरह मौके से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अब घटना के बाद वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की गई और थाना बक्सा में मु0अ0सं0 050/2026 दर्ज कर 40–50 अज्ञात लोगों सहित कुल कई नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया। और अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जुगनू गौतम (35 वर्ष), अरविन्द गौतम (22 वर्ष) ,राकेश यादव (31 वर्ष)
निवासी ग्राम वीरभानपुर, थाना बक्सा जौनपुर के रुप में हुई
तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ
Thanks for visiting my channel