जौनपुर - रेलवे ट्रैक किनारे मिला अधेड़ का शव, पहचान करने में जुटी पुलिस

जौनपुर - रेलवे ट्रैक किनारे एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने की सनसनीखेज मामला सामने आया है आपको बता दें कि जंघई क्षेत्र के भोगीपुर सेमरी गांव के पास शुक्रवार सुबह एक अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।


बताया जा रहा है कि जंघई-प्रयागराज रेलवे मार्ग पर स्थित जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन के पश्चिम दिशा में भोगीपुर सेमरी गांव के पास ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक किनारे एक अधेड़ का शव देखा। जिसके बाद देखते ही देखते मौके पर काफी लोगों की भीड़ इकट्ठा हो ग‌ई। मृतक ने ब्राउन रंग की शर्ट और काला पैंट पहन रखा था। उसकी जेब से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिलने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी।

उक्त घटनाक्रम की सूचना पर पहुंचे जंघई चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार गुप्ता ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जीआरपी मृतक की पहचान कराने के लिए सोशल मीडिया का सहारा ले रही है।

चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार गुप्ता की मानें तो मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। प्रारंभिक तौर पर ट्रेन से गिरकर मौत होने की आशंका है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में फिलहाल शव को 72 घंटे तक ज्ञानपुर मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ