जौनपुर - आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने जौनपुर में आयोजित जनसभा के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। सरकार मस्त है, लेकिन जनता असुरक्षित है। सड़कों पर खुलेआम गोलियां चल रही हैं और किसी की सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात हैं और भ्रष्टाचार चरम पर है। वर्ष 2027 के चुनाव में जनता जवाब देगी।
चंद्रशेखर रावण ने सभा में स्वामी शंकराचार्य प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि मामला न्यायालय में है और वे निष्पक्ष जांच चाहते हैं। यूजीसी के मुद्दे पर भी पार्टी के संघर्ष की बात कही। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और यदि इसके लिए पूरे देश में भ्रमण करना पड़े तो वे तैयार हैं।
रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए सांसद ने कहा कि युवा डिग्री लेकर भटक रहे हैं, लेकिन सरकार उन्हें रोजगार देने के बजाय गुमराह कर रही है। शिक्षित युवाओं का अपमान देश का अपमान है।
पुलिसकर्मियों की 8 घंटे की शिफ्ट का वादा
प्रशासनिक व्यवस्था पर बोलते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि उनकी सरकार आने पर पुलिसकर्मियों का शोषण समाप्त किया जाएगा। उनसे जानवरों की तरह काम लेना बंद होगा और उनकी ड्यूटी 8 घंटे निर्धारित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बहुजन समाज अब अपने अधिकार पहचान चुका है। ‘अब न मनुवादियों को वोट देंगे और न ही नोट देंगे’ का नारा भी दिया।
बीरभानपुर प्रकरण 9 मार्च को संसद में उठाने की बात
रैली में बीरभानपुर मामले का भी जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी को बढ़ावा दे रही है। किसी जाति या धर्म का भला नहीं हो रहा है। वाराणसी में दाल मंडी बाजार तोड़े जाने और जबरन जमीन अधिग्रहण का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होलकर की मूर्ति तोड़ी गई और आवाज उठाने वाले पाल समाज के बच्चे को जेल भेज दिया गया।

0 टिप्पणियाँ
Thanks for visiting my channel